सुपौल: राघोपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, गश्ती वाहन में तोड़फोड़, 19 नामजद समेत कई पर एफआईआर, 9 गिरफ्तार

सुपौल के राघोपुर में ग्रामीण गश्ती के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने 19 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात ग्रामीण गश्ती के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले में पुलिस ने 19 नामजद एवं 10-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार राघोपुर थाना में पदस्थापित पीटीसी जवान अंजय कुमार अपने साथ महिला गृह रक्षक काजल कुमारी एवं गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे ग्रामीण रात्रि गश्ती पर निकले थे। गश्ती के दौरान रात करीब 11:25 बजे पुलिस टीम राघोपुर नहर स्थित मुशहरी टोला दिनाभद्री मंदिर के पास पहुंची, जहां सड़क किनारे दो मोटरसाइकिल और कुछ युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने युवकों से देर रात सड़क पर खड़े रहने का कारण पूछते हुए घर जाने की बात कही।

आरोप है कि इसी बात को लेकर युवकों ने पुलिस टीम से बहस शुरू कर दी और शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुला लिया। देखते ही देखते 30 से 35 की संख्या में पुरुष एवं महिलाएं लाठी, फरसा, दबिया और अन्य धारदार हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार जवानों ने स्थिति शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान पीटीसी जवान अंजय कुमार के सिर पर दबिया से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। महिला गृह रक्षक काजल कुमारी एवं गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने सरकारी गश्ती वाहन में तोड़फोड़ कर उसका शीशा, लाइट और बॉडी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेंद्र कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अन्य पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे।  पुलिस टीम को देखते ही हमलावर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने मौके से कई लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।

घायल पुलिसकर्मी को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। वहीं घटना के दौरान अफरा-तफरी में गृह रक्षक नितेश कुमार अपनी सरकारी राइफल लेकर दूसरी दिशा में चले गए थे। बाद में पुलिस टीम ने खोजबीन कर उन्हें नहर किनारे से बरामद किया तथा उनकी सरकारी राइफल भी झाड़ियों से सुरक्षित बरामद कर ली।

जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। बताया कि 19 नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। त्वरित कार्यवाही कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी की जारी है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]