Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने कुल 441 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि भपटियाही की ओर से एक पिकअप वाहन में शराब की खेप लेकर सिमराही की तरफ आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम धर्मपट्टी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप एनएच-27 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे भपटियाही की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन को तेजी से भगाने की कोशिश की और चेकिंग स्थल के पास खड़ी एक कार में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे वाहन रोक दिया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस बल ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बताया कि पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप के डाले में प्लास्टिक तिरपाल से ढंके कार्टनों में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। बरामद शराब में मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर और रॉयल स्टैग ब्रांड की कुल 588 बोतल विदेशी शराब शामिल थी। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN HARYANA ONLY” लिखा हुआ था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 441 लीटर है। साथ ही पिकअप वाहन संख्या BR-01GF-5297 को भी जब्त कर लिया गया है।







