सुपौल में कजरा माइनर नहर कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश

सुपौल के लौकहा पंचायत में डीएम सावन कुमार ने सात निश्चय-03 योजना के तहत चल रहे कजरा माइनर नहर सफाई एवं तटबंध मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य और नहर में पानी के सुचारु बहाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लौकहा में सात निश्चय-03 योजना के तहत चल रहे “हर खेत तक सिंचाई का पानी” कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा एवं वीबी-जी-राम-जी योजना से क्रियान्वित जल संसाधन विभाग की योजना “कजरा माइनर की बेड डिसिल्टिंग एवं नहर तटबंध मरम्मत” कार्य का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अभियंताओं एवं मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी को प्राक्कलन के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य नहर से निकलने वाली उप शाखा नहर में पानी के सुचारु बहाव को बनाए रखने के लिए मुख्य नहर में लगे ह्यूम पाइप की सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही योजना के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त गहराई तक तल सफाई कराने को भी कहा।

डीएम सावन कुमार ने कहा कि किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान डीआरडीए सुपौल के निदेशक अनित कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment