Report: A.K. Chaudhary
सुपौल पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक पीकअप वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा का कुल वजन 427.950 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि रविवार की सुबह पिपरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमराही की ओर से एक पीकअप वाहन में गांजा की बड़ी खेप लोड कर मधेपुरा की तरफ भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और एनएच-131 पर पिपरा के समीप नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान एक संदिग्ध पीकअप वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और तेतराही गांव के समीप उसे पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में गांजा लदा मिला।
इसके बाद वाहन और चालक को पिपरा थाना लाया गया, जहां गांजा को उतरवाकर उसकी मापी कराई गई। जांच में कुल 427.950 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों और सप्लायरों की पहचान के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।
सुपौल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।







