Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमहा पंचायत के भट्टावाड़ी गांव में सोमवार देर रात भीषण अगलगी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस भयावह घटना में करीब एक दर्जन घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। वहीं घरों में रखा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी कागजात समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के बीच चीख-पुकार और कोहराम मच गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि देर शाम अचानक एक घर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि लोग नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे गांव में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लोगों ने बाल्टी, मोटर पंप और पानी के अन्य साधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के सामने ग्रामीणों की कोशिश नाकाफी साबित हुई। इसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक करीब एक दर्जन परिवारों का सबकुछ जलकर राख हो चुका था। अग्निपीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है।







