सुपौल: पिपरा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, साइकिल सवार की मौत, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में NH-327E पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से साइकिल सवार 53 वर्षीय अर्जुन पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की जान चली गई, जबकि एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

दुर्घटना में मृतक की पहचान सुपौल नगर परिषद के वार्ड संख्या-4 निवासी अर्जुन पासवान (53 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह सुबह अपने खेत-जमीन का हाल देखने के लिए पथरा चौक की ओर गए थे। जमीन देखने के बाद वे साइकिल से वापस सुपौल लौट रहे थे।

मृतक का फ़ाइल फोटो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब अर्जुन पासवान पथरा चौक के निकट स्थित मां देवता पेट्रोल पंप के समीप NH-327 ई पर पहुंचे, तभी पिपरा की दिशा से सुपौल की ओर तेज गति से जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। वाहन ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर साइकिल सवार अर्जुन पासवान को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन पासवान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए सुपौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। मृतक के शव को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद यातायात पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]