सुपौल: वीरपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल जिले के वीरपुर नगर पंचायत वार्ड संख्या 5 में रविवार दोपहर बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 में रविवार दोपहर हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेखौफ अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर कई राउंड गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।

अस्पताल में घटना कि जानकारी लेते एसपी

मृतक की पहचान बनेलीपट्टी पंचायत के मुंशी पिपराही वार्ड संख्या 3 निवासी गोपाल मंडल के 32 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार मंडल के रूप में हुई है।  स्थानीय लोगों के अनुसार मिथिलेश रविवार दोपहर करीब सवा एक बजे नगर पंचायत वार्ड संख्या 5 स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर इंडो-नेपाल सीमा मार्ग की दिशा से आए थे। दुकान के पास पहुंचते ही उन्होंने मिथिलेश को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि लगभग पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। गोली लगने के बाद मिथिलेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी तेज रफ्तार बाइक से वीरपुर की ओर भाग निकले। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कराई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल वीरपुर भेज दिया।

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सरथ आर. एस.भी अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने जांच टीम को जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। मृतक के भाई राज कुमार मंडल ने गांव के ही अर्जुन मंडल पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद गोली लगने की संख्या तथा हत्या से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Leave a Comment