Report: A.K Chaudhary
मद्य निषेध अभियान के तहत रविवार को राघोपुर थाना परिसर में विभिन्न मामलों में जब्त की गई शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में कुल 1202.375 लीटर शराब को नष्ट किया गया।
विनष्टीकरण प्रक्रिया मजिस्ट्रेट के रूप में उपस्थित अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया की निगरानी में संपन्न हुई। इस अवसर पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय तथा मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभु नाथ सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

बताया गया कि नष्ट की गई शराब में 1174.5 लीटर नेपाली दिलवाले शराब, 20 लीटर देशी चुलाई शराब, 7.875 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल थी। सभी प्रकार की शराब को मिलाकर कुल 1202.375 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया।
जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि थाना क्षेत्र में दर्ज 21 कांडों में जब्त शराब को न्यायालय एवं विभागीय निर्देशों के अनुरूप विनष्ट किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं तथा नियमित रूप से छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।







