सुपौल: परसा गांव में बुद्धा चाइल्ड हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित, 70 लोगों की हुई जांच

सुपौल जिले के परसा गांव में बुद्धा चाइल्ड हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 70 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, लिवर फंक्शन टेस्ट और ब्लड शुगर जांच निःशुल्क की गई तथा जरूरतमंद मरीजों के बीच दवाओं का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के परसा गांव में रविवार को ग्रामीणों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बुद्धा चाइल्ड हॉस्पिटल, सुपौल की ओर से परसा वार्ड संख्या-1 निवासी एवं जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता मो. मुमताज के आवासीय परिसर में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में अस्पताल के अनुभवी चिकित्सक डॉ. विद्यासागर, डॉ. तारिक अनवर एवं डॉ. कैलाश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान करीब 70 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। इसके साथ ही मरीजों के लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) और ब्लड शुगर की जांच भी पूरी तरह निःशुल्क की गई, जिससे लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिली।

चिकित्सकों ने जांच के दौरान मरीजों की स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। डॉक्टरों ने लोगों को बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उनका उपचार आसान हो जाता है।

शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या लापरवाही करने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, लिवर संबंधी बीमारियों और अन्य गंभीर रोगों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता बताई।

ग्रामीणों ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता अक्सर नहीं हो पाती है। ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से उन्हें घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त हुआ। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत मिलती है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी निर्मल कुमार, मो. इस्लाम, प्रकाश कुमार, मो. कुर्बान एवं रीता कुमारी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर में सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे और आयोजकों से भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]