सुपौल: सिमराही में हिंदू नववर्ष पर निकाली गई भव्य प्रभात फेरी, श्रद्धा और उत्साह से गूंजा नगर

हिंदू नववर्ष के अवसर पर सिमराही स्थित श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।

Report: A.K Chaudhary

हिंदू नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को सुपौल जिले के सिमराही में श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर से भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। सुबह की मंगल बेला में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सैकड़ो की संख्या में भक्तजन ठाकुरबाड़ी परिसर में एकत्रित हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। जयघोष, भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों से वातावरण गूंज उठा।

प्रभात फेरी ठाकुरबाड़ी परिसर से प्रारंभ होकर पूरे नगर का भ्रमण करती हुई विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान श्रद्धालु “जय श्री राम” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। नगर के कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया गया, जिससे माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया।

इस धार्मिक यात्रा में सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विशेष रूप से विद्यार्थियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी में शामिल होकर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

विद्यार्थियों का जोश, अनुशासन और भक्ति भावना कार्यक्रम की शोभा बढ़ा रही थी। आयोजन समिति के सदस्यों ने यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया की रामनवमी के अवसर पर 28 मार्च को सिमराही में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

हिंदू नववर्ष के शुभ अवसर पर आयोजित इस भव्य यात्रा ने नगरवासियों को आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मकता और नई शुरुआत का प्रेरक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]