सुपौल: जन्माष्टमी पर सिमराही में पत्रकार सम्मेलन, पत्रकारों को किया सम्मानित, सकारात्मक सोच व तनावमुक्त जीवन का दिया संदेश

Report: A K. chaudhary

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सुपौल जिले के सिमराही स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ओम शांति भवन में पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद जन्माष्टमी के अवसर पर केक काटकर पर्व की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बीके बविता दीदी ने की। वहीं ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू, राजस्थान से पहुंचे ब्रह्माकुमार बीके भगवान भाई ने कार्यक्रम का मार्गदर्शन किया। सम्मेलन में राघोपुर, सरायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक से जुड़े पत्रकार एवं मीडिया कर्मी शामिल हुए।

इस दौरान ब्रह्माकुमारीज परिवार की ओर से उपस्थित पत्रकारों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। पत्रकारों को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर उनके सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

अपने संबोधन में बीके भगवान भाई ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का चरित्र सत्य, प्रेम, शांति, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कारों की प्रेरणा देता है। वर्तमान समय में जीवन में सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आत्म-अनुशासन और सकारात्मक चिंतन को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर व्यक्ति तनाव को कम करते हुए बेहतर एवं संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने पत्रकारों को समाज का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि समाचार माध्यम लोगों की सोच और समाज की दिशा को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। पत्रकारिता के जरिए सामाजिक सद्भाव, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और जनजागरूकता से जुड़े संदेश को बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से समाज में शांति, उम्मीद और सकारात्मक वातावरण निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

राजयोगिनी बीके बविता दीदी ने कहा कि जन्माष्टमी सिर्फ धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रीकृष्ण के आदर्शों और दिव्य गुणों को अपने जीवन में उतारने का अवसर भी है। उन्होंने प्रेम, पवित्रता, करुणा, शांति और सद्भाव को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बीके किशोर भाई, बीके सुमन बहन, बीके बीना बहन, रेणु बहन, रुषि बहन, बीके रवि भाई, रामफल भाई सहित विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे।

सम्मेलन के माध्यम से जन्माष्टमी के आध्यात्मिक संदेश के साथ पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक चिंतन और तनावमुक्त जीवनशैली का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने उपस्थित सभी पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]