
Report: A.K. Chaudhary
राघोपुर थाना क्षेत्र के जागीर में जितिया पर्व को लेकर शुक्रवार को अपनी मां के साथ बेरदह धार में नहाने गई छह वर्षीय बच्ची गहरे पानी में डूब गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। बच्ची के डूबने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही धार के समीप बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

डूबने वाली बच्ची की पहचान डुमरी पंचायत के जागीर वार्ड नंबर-1 निवासी विन्देश्वरी यादव की छह वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि जितिया पर्व को लेकर सोनाक्षी अपनी मां के साथ बेरदह धार में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते धार में डूब गई।

बच्ची के डूबने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन शुरू की। धार के आसपास मौजूद लोगों ने भी बच्ची को तलाशने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी ली। शाम करीब पांच बजे तक बच्ची का पता नहीं चल सका था।
घटना के बाद बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बच्ची के डूबने की खबर से गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की भीड़ धार के आसपास जुटी रही। परिजन और ग्रामीण बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद में तलाश में जुटे रहे।
जानकारी देते हुए पिता विन्देश्वरी यादव ने बताया कि जितिया पर्व को लेकर वह अपनी बेटी सोनाक्षी के साथ बेरदह धार में स्नान करने आए थे। इसी दौरान सोनाक्षी पानी में चली गई और अचानक डूब गई। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही है।







