
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरियापट्टी गांव के लिए शनिवार का दिन बेहद दुखद रहा। कोरियापट्टी वार्ड संख्या-14 निवासी देवराम यादव के 45 वर्षीय रवीन्द्र कुमार यादव की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। शनिवार देर रात जब उनका शव पैतृक घर पहुंचा तो परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।

बताया गया कि रवीन्द्र कुमार यादव शनिवार को झंझारपुर से अपने पैतृक गांव कोरियापट्टी लौट रहे थे। इसी दौरान झंझारपुर अनुमंडल के भैरवस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर महिनाथपुर पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक और एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में बाइक सवार रवीन्द्र कुमार यादव और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल झंझारपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रवीन्द्र कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं घायल ऑटो चालक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
झंझारपुर से लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार रवीन्द्र कुमार यादव झंझारपुर में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद शनिवार को बाइक से अपने पैतृक गांव कोरियापट्टी लौट रहे थे। वह उच्च माध्यमिक विद्यालय सुसारी तुर्की में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद भैरवस्थान थाना पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येन्द्र तिवारी ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम
शनिवार देर रात रवीन्द्र कुमार यादव का शव जब कोरियापट्टी स्थित उनके घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी प्रियंका कुमारी पति के शव से लिपटकर बेसुध हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
रवीन्द्र कुमार यादव अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। तीनों बच्चे अभी छोटे हैं। परिवार के लिए उनका इस तरह अचानक चले जाना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। शिक्षक की मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उनके घर पहुंचने लगे।
गांव में शोक की लहर
रवीन्द्र कुमार यादव की मौत से कोरियापट्टी गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि रवीन्द्र शिक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे और परिवार के प्रति भी पूरी तरह समर्पित थे। अचानक हुई उनकी मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।






