CM कुर्सी छोड़ने से पहले जनता के बीच नीतीश, 10 मार्च से कोसी-सीमांचल में ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत कई जिलों में करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री Nitish Kumar 10 मार्च से कोसी और सीमांचल क्षेत्र के दौरे पर ‘समृद्धि यात्रा’ शुरू करेंगे। इस दौरान वे कई जिलों में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और मधेपुरा में तीन दिनों तक प्रवास करेंगे।

News Desk Patna:

बिहार में राजनीतिक हलचल के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी 10 मार्च से समृद्धि यात्रा के तहत कोसी और सीमांचल क्षेत्र के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान वे राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं और परियोजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। इस दौरान वे कई जिलों का दौरा कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और आम लोगों से भी सीधे संवाद करेंगे।

10 मार्च से शुरू होगी यात्रा

मुख्यमंत्री की यह महत्वपूर्ण यात्रा 10 मार्च को सुपौल जिले के निर्मली से शुरू होगी। कार्यक्रम के अनुसार, निर्मली से विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री मधेपुरा पहुंचेंगे। मधेपुरा इस यात्रा का मुख्य पड़ाव होगा, जहां मुख्यमंत्री तीन दिनों तक प्रवास करेंगे।

मधेपुरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कई विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं तथा योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगे। इसी क्रम में वे नवनिर्मित पुलिस लाइन का लोकार्पण भी करेंगे। यह पुलिस लाइन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है और इसे पुलिस प्रशासन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा माना जा रहा है।

सीमांचल के कई जिलों का दौरा

मुख्यमंत्री अपनी इस सघन यात्रा के दौरान सीमांचल और कोसी क्षेत्र के कई जिलों का दौरा करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार:

11 मार्च: किशनगंज और अररिया में ‘प्रगति यात्रा’ के तहत विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।

12 मार्च: कटिहार और पूर्णिया में सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

13 मार्च: मधेपुरा से सहरसा और खगड़िया के लिए रवाना होंगे, जहां विकास कार्यों का निरीक्षण और समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

जनता से करेंगे सीधा संवाद

मुख्यमंत्री की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। साथ ही वे स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर सम्बंधित सभी जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]