मधेपुरा में प्रशांत किशोर की जनसभा, कहा – जनता अब लालू-नीतीश से आगे, शिक्षा-रोजगार और पलायन रोकने वाला विकल्प चाहती है

News Desk Madhepura:

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में मंगलवार को मधेपुरा जिले के मुरलीगंज प्रखंड स्थित परवा नवटोल हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित किया। सभा में भारी भीड़ जुटी। लोगों को संबोधित करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और बिहार की मौजूदा राजनीति पर तीखा हमला बोला।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता को अब जन सुराज के तौर पर नया विकल्प दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों तक लोग मजबूरी में वोट देते रहे। कभी लालू यादव के डर से भाजपा-नीतीश को और कभी भाजपा-नीतीश के डर से लालू को। लेकिन अब जनता इन मजबूरियों से निकल रही है और विकास चाहती है।

लालू यादव पर निशाना साधते हुए पीके ने कहा कि जनता ने उनका हर रंग देख लिया है। “लालू यादव पहले दलितों के नेता थे, फिर पिछड़ों के नेता बने, फिर यादवों के नेता बन गए। अब वो सिर्फ अपने परिवार और राजद तक सीमित रह गए हैं। जनता पर अब उनका कोई रंग असर नहीं डालने वाला है। लोग सिर्फ बच्चों की पढ़ाई, रोजगार और पलायन रोकने की दिशा में राजनीति देखना चाहते हैं।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार यात्रा पर भी पीके ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, राहुल गांधी और चुनाव आयोग की लड़ाई से बिहार के युवाओं का कोई लेना-देना नहीं है। वो यह नहीं बताते कि बिहार में फैक्ट्री कब लगेगी, रोजगार कब मिलेगा और पलायन कब रुकेगा। राहुल गांधी को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

पीके ने सभा में मौजूद लोगों से अपील की कि वे जाति और धर्म से ऊपर उठकर वास्तविक मुद्दों पर राजनीति को परखें। उन्होंने कहा कि बिहार बदलाव यात्रा का मकसद ही है जनता को यह बताना कि अब शिक्षा, रोजगार और विकास पर आधारित राजनीति ही राज्य को आगे ले जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]