Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना पुलिस ने सोमवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 220.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया। हालांकि पुलिस को देखकर वाहन में सवार दो संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गांजा लदी क्रेटा कार को जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को प्रतापगंज थाना के पुलिस गश्ती में थे इसी दौरान करीब 12 बजे एनएच-27 स्थित बहेली पुल के पास पुलिस ने एक संदिग्ध क्रेटा कार को आते देखा। पुलिस ने वाहन की जांच के लिए उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन को सड़क किनारे रोककर दो व्यक्ति खेत की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने दोनों का पीछा किया, लेकिन आसपास जूट के घने खेत एवं केला बागान होने के कारण दोनों भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों को मौके पर बुलाकर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान क्रेटा कार की पिछली सीट पर रखे चार उजला रंग के प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। बोरे खोलने पर उसमें गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया।
जिसके बाद चारों बोरों का वजन कराया गया। जांच में पहले बोरे से करीब 32.350 किलोग्राम, दूसरे से 32.540 किलोग्राम, तीसरे से 32.580 किलोग्राम और चौथे से 32.570 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं डिक्की से भी चार प्लास्टिक के बोरे बरामद किए गए, जिनमें क्रमशः करीब 32.450 किलोग्राम, 20.240 किलोग्राम, 21.180 किलोग्राम और 16.130 किलोग्राम गांजा पाया गया। सभी बोरों से बरामद गांजे का कुल वजन 220.100 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने गांजा एवं तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01EY9705) को जब्त कर लिया। वाहन के इंजन नंबर और चेसिस नंबर को भी जब्ती सूची में दर्ज किया गया है।
इस मामले में प्रतापगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। बरामद गांजा और वाहन को जब्त कर लिया गया है। मौके से फरार हुए दोनों संदिग्धों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। मामले में जब्त वाहन के स्वामी के विरुद्ध भी नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







