
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित बेल्ही पुल पर शुक्रवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मृतक की पहचान भपटियाही थाना क्षेत्र के शाहपुर पृथ्वीपट्टी वार्ड नंबर-3 निवासी रामचंद्र मेहता (65) के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान सदानंदपुर वार्ड नंबर-4 निवासी राजेंद्र मेहता (66) के रूप में की गई है।
घायल राजेंद्र मेहता के पुत्र नीतीश कुमार ने बताया कि रामचंद्र मेहता और उनके पिता आपस में साढ़ू-बहनोई थे। दोनों एक बाइक से पूजा-अर्चना के लिए प्रतापगंज थाना क्षेत्र के दीवानगंज गए थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी दूसरी बाइक से थे। पूजा के बाद सभी लोग वापस घर लौट रहे थे।
नीतीश के अनुसार, उनके पिता और मामा की बाइक पीछे रह गई थी, जबकि वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आगे निकल गए। सिमराही पहुंचने के बाद जब दोनों पीछे नहीं पहुंचे तो कुछ देर बाद मोबाइल पर दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद परिवार के सदस्यों को सिमराही में छोड़कर वह बेल्ही पुल के पास पहुंचे, जहां उनके मामा रामचंद्र मेहता का शव सड़क पर पड़ा मिला। वहीं जानकारी मिली कि घायल राजेंद्र मेहता को इलाज के लिए प्रतापगंज सीएचसी भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।







