सुपौल: राघोपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 52 यूनिट रक्त संग्रहित, लगातार दूसरे वर्ष कोशी रक्तवीर सेवा संगठन की पहल

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रेफरल अस्पताल राघोपुर परिसर में रविवार को कोशी रक्तवीर सेवा संगठन के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 52 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। संगठन की ओर से लगातार दूसरे वर्ष इस शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में किये गए रक्तदान ब्लड बैंक सुपौल में दान किया गया।

शिविर का उद्घाटन करते एसडीएम व अन्य

कार्यक्रम का शुभारंभ वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम, पूर्व ब्रिगेडियर प्रणव जायसवाल, बैद्यनाथ भगत, महेंद्र गुप्ता, बिंदी गुप्ता एवं काशी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई। शिविर में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय समेत सभी रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान करते राघोपुर थानाध्यक्ष

इस अवसर पर वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने कोशी रक्तवीर सेवा संगठन के सदस्यों एवं रक्तदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। किसी दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव या आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर समय पर उपलब्ध रक्त जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए।

रक्तदान करते लोग

उन्होंने संगठन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ लोगों के बीच सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।

रक्तदान शिविर में सहयोग करते हुए ब्लड बैंक सुपौल के सदस्यगण

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान सुरक्षित और मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा योग्य एवं स्वस्थ लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की।

आयोजन में युवाओं की विशेष भागीदारी रही। कई रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि कुछ लोगों ने नियमित रक्तदाता के रूप में शिविर में हिस्सा लिया।

रक्तदाता को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान करते आयोजक

कोशी रक्तवीर सेवा संगठन के सदस्यों ने बताया कि संगठन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। संगठन द्वारा लगातार दूसरे वर्ष शिविर का आयोजन किया गया है। भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई। संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा रक्दान करने वाले सभी लोगो को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

शिविर को सफल बनाने में कोशी रक्तवीर सेवा संगठन के गुड्डू गुप्ता, प्रमोद साह, मयंक गुप्ता, मो. अरमान, द्रविड़ राज, संदीप कुमार, कन्हैया दास, राहुल पासवान, रंजीत कुमार, गणेश शर्मा समेत संगठन के अन्य सदस्यों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]