सुपौल: गणपतगंज में घर में काम के दौरान 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन की चपेट में आया मजदूर, गंभीर रूप से झुलसा, रेफर

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के गणपतगंज में निजी मकान में काम कर रहा 50 वर्षीय मजदूर 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज वार्ड संख्या-3 में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन शिवनारायण शर्मा के मकान में कार्य कर रहा एक मजदूर 11 हजार वोल्ट बिजली की लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मजदूर को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया। घायल मजदूर की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहारा वार्ड संख्या-15 निवासी 50 वर्षीय सीताराम शर्मा के रूप में हुई है।

छत पर काम के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीताराम शर्मा गणपतगंज स्थित हरावत राज उच्च विद्यालय के सामने शिवनारायण शर्मा के मकान में निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मकान की छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया और संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें भी आईं।

हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल मजदूर को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

घटना की जानकारी मिलते ही वीरपुर के एसडीएम विनय कुमार रेफरल अस्पताल पहुंचे। इस दौरान राघोपुर की अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने घायल मजदूर का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उसकी स्थिति की जानकारी ली। गंभीर हालत को देखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर एंबुलेंस से उसे सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया।

इस संबंध में बिजली विभाग के जेई कृष्णा कुमार ने बताया कि संबंधित मकान में कार्य के दौरान बिजली लाइन से खतरे की कोई पूर्व सूचना विभाग को नहीं दी गई थी। यदि पहले जानकारी मिलती तो सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]