सुपौल: राघोपुर में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 892 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

oplus_2097152

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत सिमराही के गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में शनिवार रात्रि छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर के पीछे स्थित स्टोर रूम से अलग-अलग ब्रांड की 892 बोतल कुल 360 लीटर 120 एमएल विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर वार्ड नंबर-08 निवासी 32 सोरभ आनंद उर्फ लल्लू प्रधान के रूप में हुई है।

जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में एक घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। पुलिस बल को घर की ओर आते देख एक व्यक्ति पीछे की ओर से निकलकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस बल की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ और पहचान के बाद उसकी पहचान सोरभ आनंद उर्फ लल्लू प्रधान के रूप में हुई।

बरामद शराब

इसके बाद पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवानों की मौजूदगी में आरोपी के घर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर के पीछे शौचालय के बगल स्थित स्टोर रूम से अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब से भरे कार्टून बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद शराब सभी कार्टून में बंद रखी गई थी।

पुलिस के अनुसार बरामद शराब में ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की आठ पेटियां शामिल हैं। प्रत्येक पेटी में 48 बोतल थी। इस तरह कुल 384 बोतल बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 69 लीटर 120 एमएल बताई गई है। इसी तरह पुलिस ने हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर की 15 पेटियां बरामद कीं। प्रत्येक पेटी में 24 बोतल थी। कुल 360 बोतल से इसकी मात्रा 180 लीटर बताई गई है। वहीं रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 10 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतल थी। कुल 120 बोतल बरामद हुई, जिसकी मात्रा 90 लीटर बताई गई है।

तलाशी के दौरान मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर प्रीमियर ग्रेन व्हिस्की की एक पेटी से आठ बोतल बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 6 लीटर बताई गई है। इसके अलावा स्नोस्की सुप्रीम क्राफ्टेड वोदका मसाला जामुन फ्लेवर की एक पेटी से छह बोतल बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 4 लीटर 500 एमएल है। पुलिस ने सीग्राम्स ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की एक पेटी से छह बोतल भी बरामद की। इसकी कुल मात्रा 4 लीटर 500 एमएल बताई गई है। वहीं बकार्डी लिमोन सुपर सेलेक्ट की एक पेटी से आठ बोतल बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 6 लीटर बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक बरामद सभी शराब की बोतलों पर पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए होने का उल्लेख पाया गया है। इससे पुलिस को शराब की खेप के अवैध तरीके से यहां लाकर खपाने की आशंका है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गांधीनगर में छापेमारी की गई थी। तलाशी के दौरान आरोपी के घर के पीछे स्थित स्टोर रूम से अलग-अलग ब्रांड की 360 लीटर 120 एमएल विदेशी शराब बरामद हुई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शराब बरामदगी के संबंध में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]