
News Desk Supaul:
सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान चोरी के सामान के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों युवकों के पास से एक मोटरसाइकिल सहित घरेलू उपयोग के कई सामान बरामद किए हैं। बरामद सामान के संबंध में पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गणपतगंज स्थित ललित बालिका उच्च विद्यालय के बगल के एक घर से सामान चोरी कर दो युवक मोटरसाइकिल से सिमराही की ओर जा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस टीम रामनगर मोड़ के पास पहुंची तो एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। बताया कि गिरफ्तार युवकों की पहचान देवीपुर पंचायत के चिकनापट्टी वार्ड संख्या-12 निवासी दिलखुश कुमार (19 वर्ष) और दिलखुश कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों युवकों के पास मौजूद मोटरसाइकिल में रखे सामान की जांच की। तलाशी के दौरान एक बोरे में मकान से चोरी किए गए सामान बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या BR50AE-8439, दो कुकर, दो छोटी टोपियां, दरवाजा लॉकर, स्टील का नल, दो प्लेट, एक कटोरी, दो सस्पैन, एक चिमटा, दो गैस चूल्हे के बर्नर, गैस चूल्हे का स्टैंड, एक नारंगी रंग का चाकू और एक धूपबत्ती शामिल हैं।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि इस मामले को लेकर मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा बरामद सामान के संबंध में भी आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है।







