सुपौल: कल मनाया जाएगा रक्षाबंधन, भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व को लेकर सजे बाजार, खरीदारी को उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

Report: A.K. Chaudhary

भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और रक्षा-संस्कार का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन को लेकर सुपौल जिले के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। शुक्रवार को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बाजारों में रंग-बिरंगी, डिजाइनर और आकर्षक राखियों की भरमार है। हालांकि मौसम और महंगाई का असर खरीदारी पर कुछ हद तक दिखाई दे रहा है, जिससे बिक्री की रफ्तार पिछले वर्षों की तुलना में थोड़ी धीमी बताई जा रही है। इसके बावजूद पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और गुरुवार को बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

राखी खरीदते महिलाएं

देश के विभिन्न शहरों से मंगाई गईं आकर्षक राखियां

राखी विक्रेताओं के अनुसार इस बार बाजार में स्थानीय राखियों के साथ देश के अलग-अलग शहरों से मंगाई गई विशेष राखियां भी उपलब्ध हैं। चांदी की राखियां बनारस से, जबकि बैंड राखियां कोलकाता, आगरा और गुजरात से मंगाई गई हैं। वहीं डायमंड लुक और फैंसी राखियों की खेप दिल्ली, मुंबई और राजस्थान से पहुंची है। बाजार में हर उम्र और पसंद को ध्यान में रखते हुए राखियों की अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध है। रेशमी धागों से बनी नक्काशीदार राखियों के अलावा स्टोन, रुद्राक्ष, चंदन और कुंदन से सजी राखियां महिलाओं और युवतियों को खासा आकर्षित कर रही हैं। बाजार में राखियों की कीमत 5 रुपये से शुरू होकर करीब 500 रुपये तक है।

राखी खरीदते महिलाएं

कस्टमाइज पूजा थाली और गिफ्ट का बढ़ा क्रेज

इस बार रक्षाबंधन को खास और यादगार बनाने के लिए कस्टमाइज पूजा थाली और उपहारों का क्रेज भी बढ़ा है। बाजार में 300 रुपये से लेकर 3,000 रुपये तक की आकर्षक पूजा थालियां उपलब्ध हैं। इनमें रोली, चंदन, अक्षत सहित पूजन सामग्री के साथ सजावटी बर्तन और उपहार भी शामिल किए जा रहे हैं। मथुरा की चंदन की खुशबू वाली राखियां और रुद्राक्ष राखियां भी ग्राहकों की पसंद बनी हुई हैं। दुकानदारों के मुताबिक इनकी कीमत करीब 150 रुपये तक है और खासकर महिलाएं इन्हें काफी पसंद कर रही हैं।

बाजार म सजी मिठाई दुकान

बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां आकर्षण का केंद्र

रक्षाबंधन को लेकर बच्चों के लिए भी बाजार में खास तैयारियां की गई हैं। स्पाइडर-मैन, मोटू-पतलू, सिंचैन, कृष्णा और तिरंगा लिए छोटा भीम जैसे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां बच्चों को खूब आकर्षित कर रही हैं। इन राखियों की कीमत 20 से 120 रुपये तक है। इसके अलावा कई दुकानों पर राखी के साथ रोली, चंदन और मिठाई के छोटे पैक भी तैयार किए गए हैं, ताकि ग्राहकों को एक ही जगह पर रक्षाबंधन की जरूरी सामग्री मिल सके।

सिमराही में सड़क पर लगा जाम

भाई-भाभी के लिए भी विशेष राखियां

बाजार में भाई के साथ भाभी के लिए भी राखियों की विशेष रेंज उपलब्ध है। जरकिन पत्थरों से सजी स्टोन राखियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इनमें हरे रंग के नग लगाए गए हैं और इनकी कीमत 180 से 260 रुपये तक बताई जा रही है।

सिमराही में सड़क पर लगा जाम

सिमराही बाजार में उमड़ी भीड़, कुछ घंटे लगा जाम

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या गुरुवार शाम जिले के सिमराही बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राखी और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में लोग अपने भाई-बहनों के लिए राखी, मिठाई और अन्य उपहार खरीदते नजर आए। खरीदारी के लिए अचानक बढ़ी भीड़ के कारण सिमराही बाजार की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया और कुछ घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन प्वाइंट पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

वीरपुर अनुमंडल कार्यालय ने जारी किया पत्र

जाम और भीड़ को लेकर प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था

रक्षाबंधन के दिन सिमराही बाजार में संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। अनुमंडल कार्यालय, वीरपुर की ओर से जारी पत्र के अनुसार शुक्रवार को सिमराही बाजार स्थित एनएच के जंक्शन प्वाइंट के चारों तरफ 200 मीटर की दूरी के दायरे में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बाजार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि पर्व के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और बाजार में यातायात सुचारू बना रहे।

रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल और खरीदारी को देखते हुए व्यापारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। शुक्रवार को पर्व के दिन बाजारों में और अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]