सुपौल: सिमराही में झूलन महोत्सव पर श्रीमद्भागवत कथा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, आज से छह दिवसीय कथा का शुभारंभ

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार में श्री राधाकृष्ण झूलन महोत्सव के अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन को लेकर रविवार की सुबह राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल में निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए यात्रा में सहभागिता की।

कलश यात्रा राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी से प्रारंभ होकर एनएच-27 के रास्ते पिपराही रोड, पासी टोला रोड होते हुए पेट्रोल पंप के सामने से एनएच-131 होते हुए राघोपुर थाना परिसर स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ जल भरा गया। जल लेकर श्रद्धालु एनएच-131 के रास्ते सिमराही बाजार, गोल चौक और एनएच-27 होते हुए पुनः राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी पहुंची, जहां कलश यात्रा का समापन किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि श्री राधाकृष्ण झूलन महोत्सव के अवसर पर राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिवार एवं श्री श्री 108 दुर्गा पूजा समिति, नगर पंचायत सिमराही के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन का उद्देश्य लोगों को श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों से जोड़ना और समाज में धर्म, संस्कार एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।

आयोजन समिति ने बताया कि 23 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक कथा एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कथा व्यास के रूप में अयोध्या से पधारे श्री पंकज मोहन शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।

आयोजन समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन का श्रवण करने की अपील की है। समिति ने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]