
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में चोरों ने गुरुवार की रात पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए तीन दुकानों को निशाना बनाया। बदमाशों ने दो दुकानों से नकदी और सामान चोरी कर लिया, जबकि तीसरी दुकान का ताला तोड़ने के बाद भी अंदर लगे अतिरिक्त लॉक के कारण चोरी करने में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में नाराजगी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया जाता है कि अस्पताल रोड में रामनगर मोड़ के पास धीरेंद्र यादव के किराना दुकानदार की दुकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यवसायी को चोरी की जानकारी हुई। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया और इसके बाद गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा रजनीगंधा, साबुन, तेल, हॉरलिक्स समेत अन्य महंगे सामान भी चोरी कर लिए गए। दुकानदार के मुताबिक नकदी सहित चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये है। सीसीटीवी फुटेज में तीन से चार संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है।
इसी क्षेत्र में एक कपड़ा दुकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया, लेकिन अंदर लगाया गया अतिरिक्त सुरक्षा लॉक नहीं खोल सके। इसके कारण दुकान के भीतर रखे सामान सुरक्षित रहे। हालांकि घटना से दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
वहीं, एनएच-27 के किनारे स्थित पान मसाला के थोक कारोबारी सजन कुमार भगत की दुकान में चोर छत पर लगे टिन शेड को काटकर दाखिल हुए। व्यवसायी के अनुसार दुकान से करीब 63 हजार रुपये नकद और बड़ी मात्रा में पान मसाला सहित अन्य सामान गायब है। इस चोरी से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
लगातार घटनाओं से कारोबारियों में नाराजगी
इधर, सिमराही बाजार में चोरी की घटनाओं को लेकर व्यवसायियों में काफी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बाजार की कई दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका दावा है कि नगर पंचायत की ओर से सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइट लगाए जाने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
घटना के बाद व्यवसायियों ने बैठक कर पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि वे लगातार मेहनत कर अपना कारोबार चलाते हैं, लेकिन बार-बार चोरी की घटनाओं से आर्थिक नुकसान के साथ असुरक्षा की स्थिति पैदा हो रही है।
व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का समय दिया है। उनका कहना है कि इस अवधि में चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो रविवार को सिमराही बाजार बंद रखा जाएगा और शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में व्यापारियों ने एसपी सुपौल, एसडीपीओ और राघोपुर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन भी सौंपा है।
मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का प्रयास कर रही है।







