
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत स्थित जागीर वार्ड-1 में जितिया पर्व के दौरान बेरदह धार में डूबी छह वर्षीय सोनाक्षी कुमारी का शव शुक्रवार रात करीब 9 बजे काफी खोजबीन के बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मां पिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि विन्देश्वरी यादव की छह वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी शुक्रवार को जितिया पर्व को लेकर अपनी मां के साथ बेरदह धार में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह धार के गहरे पानी में डूब गई। घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा बच्ची की तलाश की जा रही थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनडीआरएफ टीम का सहयोग नहीं मिलने के बाद स्थानीय मछुआरों की मदद से जुगाड़ की नाव तैयार कर धार में बच्ची की खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे बच्ची का शव धार से बरामद किया गया।
परिजनों के अनुसार, सोनाक्षी चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। परिवार में सबसे छोटा भाई है। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।







