News Desk Patna:
सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में पूर्ण रूप से सरकार बनने जा रही है।
इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्होंने अपना पद छोड़ते हुए राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा और कैबिनेट भंग करने की अनुशंसा की। अपने आखिरी संदेश में नीतीश कुमार ने कहा कि वे पद छोड़ रहे हैं, लेकिन नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद
विधायक दल के नेता चुनने के बाद सम्राट चौधरी ने अपने पहले बयान में केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में बिहार को विकास और सुशासन के नए आयाम तक ले जाने के लिए वे लगातार काम करेंगे।
मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने भी सम्राट चौधरी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पल भाजपा के लिए ऐतिहासिक है और जनसंघ के समय से जुड़े कार्यकर्ताओं का सपना आज साकार हुआ है। उन्होंने विधायक दल के सभी सदस्यों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने एकमत से सम्राट चौधरी को अपना नेता चुना। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बदलाव बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत है, जहां भाजपा पहली बार राज्य में अपने दम पर मुख्यमंत्री पद संभालने जा रही है। अब सबकी नजरें शपथ ग्रहण समारोह और नई सरकार की प्राथमिकताओं पर टिकी हैं।
ये खबर भी पढ़े.. https://newsexpressbihar.com/state/28701/







