रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने मौके पर मौजूद छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

News Desk Patna:

बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले और पटना के चर्चित ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। इस खबर के सामने आते ही नेपाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और घटना के समय होटल में मौजूद करीब छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव अपने बड़े भाई रौशन आनंद के साथ पटना में रहते थे। बताया जा रहा है कि वह नेपाल में अपने कुछ साथियों के साथ एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार की सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर कुछ मीडिया रिपोर्टों में ब्रेन हेमरेज को मौत का संभावित कारण बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।

नेपाल पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, होटल रजिस्टर तथा मृतक के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के समय होटल में मौजूद सभी युवकों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

प्रिंस यादव का नाम हाल के दिनों में पटना के चर्चित फैजल खान कोचिंग पथराव मामले में भी सामने आया था। वह इस मामले में नामजद आरोपियों में शामिल थे और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार बताए जा रहे थे। वहीं उनके बड़े भाई और ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद वर्तमान में पटना की बेऊर जेल में बंद हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर पटना पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक नेपाल प्रशासन की ओर से प्रिंस यादव की मौत की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं नेपाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment