सुपौल: जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आगाज, मशाल यात्रा के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय आयोजन

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का बुधवार को मशाल यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। समाहरणालय परिसर से स्काउट एंड गाइड के बैंड की धुन के बीच मशाल यात्रा निकाली गई। इसमें खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार कर्ण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार, डीपीएम जीविका दीपक कुमार समेत अन्य पदाधिकारी और प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

मशाल यात्रा समाहरणालय परिसर से निकलकर डिग्री कॉलेज होते हुए बीएसएस कॉलेज, सुपौल परिसर पहुंची। यहां जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।

अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन बीएसएस कॉलेज, नया पुलिस लाइन और मल्टीपर्पस इंडोर हॉल में किया जाएगा।

30 सितंबर को एथलेटिक्स, फुटबॉल, कराटे और वॉलीबॉल, 1 अक्टूबर को खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, शतरंज, जूडो, बैडमिंटन और योग, 2 अक्टूबर को खो-खो, कबड्डी, तीरंदाजी और शतरंज तथा 3 अक्टूबर को कुश्ती, साइकिलिंग, सेपक टकरॉ, टेबल टेनिस और तलवारबाजी समेत अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

चार दिवसीय इस खेल आयोजन के माध्यम से जिले के विद्यालयी छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Leave a Comment