Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के करजाईन थाना क्षेत्र के करजाईन बाजार स्थित वार्ड संख्या-9 में सोमवार की देर रात अपराधियों ने एक ठेकेदार के घर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े ठेकेदार सतेंद्र नारायण सिंह के घर करीब एक दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर परिजनों को बंधक बनाकर लगभग एक घंटे तक लूटपाट की। इस दौरान अपराधियों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान समेत करीब 60 से 65 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, अपराधी रात करीब एक बजे चारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर घरवालों को अपने कब्जे में ले लिया और घर में रखे कीमती सामान की तलाशी लेकर लूटपाट करने लगे। करीब एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। लूटे गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत अन्य कीमती वस्तुएं शामिल बताई जा रही हैं। हालांकि, लूटी गई संपत्ति का वास्तविक मूल्य विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही करजाईन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वीरपुर के एसडीपीओ पवन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित कमरे को सील कर जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य
जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंच रही है। फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जाएंगे। घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।







