सुपौल में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा: पटना से पूर्णिया जा रही बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, कई यात्री घायल

सुपौल में NH-27 पर पटना से पूर्णिया जा रही यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले में रविवार की अहले सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर के समीप NH-27 पर एक यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा सुबह करीब चार बजे का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पर सवार कई यात्री घायल हो गए।

बस में फंसा चालक

पटना से पूर्णिया जा रही माहुली नामक यात्री बस (BR 33PA 6728) जैसे ही नारायणपुर के पास पहुंची, सामने से विपरीत दिशा में आ रहे सीमेंट लदा एक ट्रक (BR 50G 6362) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद बस और ट्रक दोनों का सामने वाले भाग के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बस चालक स्टेयरिंग के पास बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल चालक की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस दुर्घटना में करीब 6-7 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से भपटियाही अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और वे अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस संबंध में भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि हादसे में 6-7 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। सभी सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]