बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी, कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लू जैसी स्थिति बनी हुई है। लोग तेज धूप और उमस से परेशान हैं, वहीं मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई है। पछुआ हवा के प्रभाव से आज प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा और अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा।

चार जिलों में बारिश और येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, बिहार के चार जिलों—गोपालगंज, बक्सर, कैमूर और रोहतास—के कुछ इलाकों में आज गरज-तड़क के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पटना और आसपास के इलाकों का हाल

राजधानी पटना सहित उसके आसपास के क्षेत्रों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही, कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दूसरी ओर, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 1-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे रात के समय भी गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है।

बुधवार का तापमान रिपोर्ट

बीते दिन बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था। वहीं, खगड़िया और गोपालगंज में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

3 अप्रैल, गुरुवार का अनुमानित तापमान

  • अधिकतम तापमान: 36-38 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 20-22 डिग्री सेल्सियस

आज पटना सहित कई इलाकों में तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आम लोगों को तेज गर्मी से बचने और दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दी है। गर्मी से बचाव के लिए अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की हिदायत दी गई है।

Leave a Comment