सुपौल: त्रिवेणीगंज में घरेलू विवाद के बाद 12 वर्षीय किशोरी ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद 12 वर्षीय किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपट्टी पंचायत के भगवानपुर वार्ड संख्या-5 से एक दुखद घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के बाद 12 वर्षीय एक किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृत किशोरी की पहचान श्रीलाल सादा की पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार की शाम घर में किसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे खाना बनाने को कहा था। इसी दौरान मां-बेटी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। नाराज होकर किशोरी अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिजनों ने समझा कि वह सो गई है।

सोमवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों को शक हुआ। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अंदर झांककर देखा गया, जहां किशोरी दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू तनाव और डांट-फटकार से आहत होकर किशोरी ने यह कदम उठाया होगा, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

बताया जाता है कि काजल आठ भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]