सुपौल: त्रिवेणीगंज पहुंचे सांसद पप्पू यादव, पीड़ित परिवार से मिले; हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और SIT गठन की मांग

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने त्रिवेणीगंज के लक्ष्मीनिया गांव पहुंचकर रोशन कुमार पंडित के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच, एसआईटी गठन और स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की।

News Desk Supaul:

पूर्णिया सांसद शुक्रवार को सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जमीनी विवाद में घायल होकर जान गंवाने वाले रोशन कुमार पंडित के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि 20 जून को लक्ष्मीनिया वार्ड-12 में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में रोशन कुमार पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मृतक के घर पहुंचने के बाद सांसद पप्पू यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला केवल जमीन विवाद नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से बातचीत की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित परिवार से मिलते सांसद पप्पू यादव

सांसद ने कहा कि घटना स्थल से स्थानीय सांसद का आवास काफी नजदीक है, इसके बावजूद ऐसी वारदात होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से स्थानीय जनप्रतिनिधि का मुलाकात नहीं करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे उन्होंने राजनीतिक संवेदनहीनता बताया।

इस दौरान पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। सांसद ने रोशन कुमार पंडित हत्याकांड की निष्पक्ष जांच के लिए सुपौल पुलिस से एसआईटी गठित करने, स्पीडी ट्रायल चलाने तथा दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की मांग की।

Leave a Comment