कोसी रेंज डीआईजी की बड़ी कार्रवाई: दलाल गिरफ्तार, सुपौल-सहरसा-मधेपुरा के 10 पुलिस पदाधिकारी निलंबित

सहरसा के सलखुआ थाना में दलाली और मादक पदार्थ सिंडिकेट से जुड़े मामले में डीआईजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तथाकथित दलाल को गिरफ्तार किया है। जांच के बाद सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के 10 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर एसआईटी से जांच शुरू कराई गई।

News Desk Saharsa:

कोसी रेंज में पुलिस महकमे को झकझोर देने वाले एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। सहरसा जिले के सलखुआ थाना में पुलिसकर्मियों से मिलीभगत कर थाना के कार्यों में दखल देने, मूल कांड दैनिकी लिखने और अपने भाई के माध्यम से मादक पदार्थों का सिंडिकेट संचालित करने के आरोप में एक तथाकथित दलाल को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के कुल 10 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बहुअरवा गांव निवासी सतीश कुमार नामक व्यक्ति का एक वीडियो पुलिस मुख्यालय और डीजीपी तक पहुंचा था। वीडियो में उसके सलखुआ थाना में खुलेआम आने-जाने और पुलिसकर्मियों के साथ उसकी कथित सांठगांठ की बात सामने आई थी। डीजीपी के निर्देश पर डीआईजी डॉ. कुमार आशीष स्वयं सलखुआ थाना पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की।

जांच के दौरान यह सामने आया कि सतीश कुमार सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह तथा थाना की एक पुलिस पदाधिकारी के संरक्षण में थाना परिसर में सक्रिय रहता था। आरोप है कि वह न केवल पुलिस मामलों में दलाली करता था, बल्कि थाना के मूल कांड दैनिकी (केस डायरी) भी लिखता था। इसके अलावा उसका भाई चंद्रकिशोर रजक क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का सिंडिकेट संचालित करता था।

डीआईजी द्वारा की गई औचक जांच के दौरान गोसपुर मंदिर के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को नीले रंग की पल्सर बाइक के साथ रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से एक लैपटॉप, की-बोर्ड, माउस, लैपटॉप चार्जर तथा पिपरा, सलखुआ और नवहट्टा थाना की मूल कांड दैनिकी बरामद हुई। बरामद दस्तावेजों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।

इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। वहीं, सलखुआ थाना कांड संख्या 107/26 के तहत सतीश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले में प्रथम दृष्टया संलिप्त पाए जाने पर कोसी रेंज के तीन जिलों के 10 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें सहरसा के सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी सुवेलाल पासवान, नवहट्टा थाना के पंकज कुमार, सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना की जूही कुमारी, राघोपुर थाना के शिशुपाल रविदास, पिंकी कुमारी तथा मधेपुरा जिले के भर्राही थाना के अरमोद कुमार, चन्द्रजीत प्रभाकर, मनीषा कुमारी और घैलाढ़ थानाध्यक्ष ज्योतिष कुमार शामिल हैं।

Leave a Comment