बिहार चुनाव 2025: सात बार के विधायक नंदकिशोर यादव का कटा टिकट, बोले – “नई पीढ़ी का स्वागत है, कोई शिकायत नहीं”

News Desk Patna:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (14 अक्टूबर) को अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 71 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने इस बार बड़े पैमाने पर बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ विधायकों और मंत्रियों के टिकट काट दिए हैं। इनमें सबसे चर्चित नाम पटना साहिब विधानसभा से सात बार के विधायक नंदकिशोर यादव का है।

बीजेपी ने नंदकिशोर यादव की जगह इस बार रत्नेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने के बाद भी नंदकिशोर यादव ने पूरी विनम्रता के साथ पार्टी के फैसले को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा “मैं भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ हूं। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मुझे पार्टी से कोई शिकायत नहीं है। नई पीढ़ी का स्वागत है, अभिनंदन है।”

उन्होंने कहा कि पटना साहिब विधानसभा के लोगों ने मुझे लगातार सात बार विजयी बनाया है। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार के रूप में जो स्नेह और प्यार मुझे दिया, उसे मैं कभी भूल नहीं पाऊंगा।

नंदकिशोर यादव पिछले कई दशकों से बिहार भाजपा की राजनीति का प्रमुख चेहरा रहे हैं। वह राज्य सरकार में कई बार मंत्री भी रह चुके हैं और पटना की राजनीति में पार्टी के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं।

इसी सूची में अन्य वरिष्ठ नेताओं के टिकट भी कटे हैं। रिगा विधानसभा से मंत्री मोतीलाल प्रसाद की जगह बैद्यनाथ प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं औराई सीट से रामसूरत राय की जगह रमा निषाद को टिकट दिया गया है। वरिष्ठ विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह को भी इस बार मौका नहीं मिला है।

गौरतलब है कि एनडीए में सीट बंटवारे के बाद बीजेपी को 101 सीटें मिली हैं। इनमें से 71 सीटों पर पहली सूची में उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है, जबकि शेष सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम दूसरी सूची में घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *