मूसलाधार बारिश से शहर हुआ पानी पानी, सड़क पर जल जमाव, सफाई व्यवस्था की खुली पोल

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

फारबिसगंज में बुधवार की रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर पूरा पानी पानी हो गया। मुख्य बाजार से लेकर गली मुहल्ले तक जल जमाव के कारण पानी में डूबा रहा, जिससे आमजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि पिछले एक पखवाड़े से तेज धूप के साथ पड़ रही गर्मी से इस बारिश ने लोगों को काफी राहत प्रदान करने का काम किया। पंद्रह दिनों तक तेज कड़ी धूप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया था। गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया था।लेकिन बंगाल की खाड़ी में उठे दबाव के कारण दो दिनों से बारिश के साथ बहते हवा ने लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया। महज दो दिनों के अंदर इलाके के अधिकतम तापमान में सात से दस डिग्री सेल्सियस की कमी हो गई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

इधर लगातार मूसलाधार बारिश के कारण शहर का मुख्य बाजार सदर रोड, पोस्ट ऑफिस चौक, स्टेशन चौक, पटेल चौक, छुआपट्टी, गोढीहारे चौक, प्रोफेसर कॉलोनी, बंगाली टोला आदि इलाकों में जल जमाव के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों जल जमाव को लेकर नगर परिषद प्रशासन और पार्षद प्रतिनिधियों को कोसते नजर आए। जल जमाव के कारण नाले का गंदा पानी का बिखराव सड़क पर होने से नगर परिषद प्रशासन के सफाई की कलई पूरी तरह खुलकर रह गई। सड़क पर पानी का बहाव और जमाव के कारण कई दुकानों और घरों में नाला का गंदा पानी प्रवेश कर गया और ऐसे पीड़ित दुकानदार और गृहस्वामी घरों और दुकानों से गंदे पानी को बारिश में भींगकर निकालने की जुगत में लगे रहे।

बहरहाल मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं जल जमाव के कारण कई समस्याओं को भी पैदा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *