सुपौल: छातापुर प्रखंड में नहर टूटी, सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूबने का खतरा

News Desk Supaul:

जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत डहरिया पंचायत के वार्ड संख्या 9 से होकर गुजरने वाली रानीपट्टी वितरणी नहर का पूर्वी किनारा सोमवार की देर शाम पानी के दबाव से टूट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया है कि लगभग 78 आरडी के पास नहर का किनारा टूटने से पानी तेज़ी से आसपास के खेतों में फैलने लगा है। इसके चलते सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल डूबने और पूरी तरह बर्बाद होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश के कारण नहर में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था और नहर दो दिनों से लबालब भरी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि पानी के तेज बहाव और दबाव के कारण देर शाम अचानक नहर का किनारा टूट गया।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना छातापुर अंचलाधिकारी (सीओ) राकेश कुमार को दी। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर स्थिति की जानकारी ली जा रही है। फिलहाल नहर से निकल रहा पानी तेजी से खेतों में फैलता जा रहा है, जिससे किसानों में चिंता और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *