सुपौल: पिपरा में दर्दनाक सड़क हादसा, डायट में प्रशिक्षण ले रहे प्रधानाध्यापक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिटीयाही के पास एनएच–327ई पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में डायट सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे एक प्रधानाध्यापक (HM) की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं शिक्षा विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के अमहा निवासी राजा राम प्रसाद के रूप में की गई है। वे गांव के ही बौकू मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर पदस्थापित थे। जानकारी के अनुसार, राजा राम प्रसाद विभागीय प्रशिक्षण के तहत बसहा स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) केंद्र में छह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में शामिल थे। यह प्रशिक्षण 22 तारीख से शुरू हुआ था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात किसी आवश्यक कार्य से वे करीब रात साढ़े आठ बजे बाइक से डायट सेंटर से अपने घर अमहा लौट रहे थे। इसी दौरान लिटीयाही के समीप एनएच–327ई पर उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद राहगीरों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़े राजा राम प्रसाद को आनन-फानन में सदर अस्पताल सुपौल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किस वाहन से और कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, राजा राम प्रसाद एक जिम्मेदार और कर्मठ शिक्षक थे। वे जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, इस संबंध में डायट सेंटर के प्रभारी मो. अखलाक ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि डायट सेंटर में बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था है और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वे किस समय और किन परिस्थितियों में सेंटर से निकले थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *