सुपौल: राघोपुर में ट्रांसफार्मर पर काम के दौरान हादसा, ओवर करंट से बिजली मिस्त्री झुलसा

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत फिंगलास पंचायत के वार्ड संख्या 10 मंडल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांसफार्मर पर डिटी मीटर लगाने के दौरान अचानक ओवर करंट आ गया। इस हादसे में बिजली मिस्त्री को जोरदार करंट लग गया, जिससे उसका दाहिना हाथ पूरी तरह झुलस गया।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने घायल मिस्त्री को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान मोतीपुर पंचायत के फकीराना वार्ड संख्या 11 निवासी किशुनदेव पौद्दार के 29 वर्षीय पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है। रेफरल अस्पताल राघोपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि बिजली का तेज करंट लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। फिलहाल उसका इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों के अनुसार घायल अब खतरे से बाहर है, हालांकि उसके झुलसे हुए हाथ का इलाज लगातार जारी है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मौके पर कार्य कर रहे साथी बिजली कर्मी प्रभात कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर डिटी मीटर लगाने का कार्य चल रहा था। इसके लिए पहले शटडाउन लिया गया था और जम्फर भी खोले गए थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही दोबारा जम्फर लगाया गया, उसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके कारण राजा कुमार करंट की चपेट में आ गया।

वहीं बिजली विभाग के सहायक विद्युत अभियंता कामदेव मोदक ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर एनसीसी (NCC) से संबंधित कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि करंट लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *