सुपौल: सिमराही बाजार में अतिक्रमण से बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रशासन हुआ सक्रिय

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर गोल बाजार हाट और दुर्गा मंदिर के समीप सड़क के दोनों ओर फैला अतिक्रमण हादसों को आमंत्रण देने का काम कर रहा है। फुटकर दुकानदारों द्वारा रेड़ी, ठेला और कपड़े की दुकानें सीधे मुख्य सड़क पर सजाए जाने से वाहन चालकों और राहगीरों दोनों के लिए आवाजाही मुश्किल हो जाती है।

मालूम हो कि NH-27 देश का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग है, जो पूर्वोत्तर के सिलचर से लेकर गुजरात के पोरबंदर तक को जोड़ता है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर सिमराही बाजार में लगने वाला यह अतिक्रमण बड़े हादसों को न्योता दे रहा है। खासकर शुक्रवार और मंगलवार को लगने वाला प्रसिद्ध गोल बाजार हाट इस समस्या को और भयावह बना देता है। हाट के दिनों में सड़क पर पैदल चलना भी चुनौती बन जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कोहरे भरी सुबह में भी लोग सस्ते कपड़ों की दुकानों की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे भीड़ कई गुणा बढ़ जाती है और इससे दुर्घटना की आशंका भी कई गुना बढ़ जाती है।

लोगों का कहना है कि सर्विस रोड के अभाव में स्थिति और गंभीर हो जाती है। बीते कुछ महीनों में कई छोटे-बड़े हादसे इसी वजह से सामने आए हैं, जिसने लोगों में डर पैदा कर दिया है।

वहीं, कोहरे का मौसम शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि किसी दिन तेज रफ्तार वाहन कोहरे में अनियंत्रित हो गया, तो बड़ी दुर्घटना होने से कोई नहीं रोक सकेगा।

इस गंभीर मुद्दे पर प्रशासन भी अब सक्रिय होता दिख रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सड़क पर इस तरह दुकानें लगाना अत्यंत गलत है और वे नगर कार्यपालक पदाधिकारी (EO) को तत्काल सूचित करेंगे, क्योंकि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में आता है।

वहीं, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि “यह तो दुर्घटना को खुला निमंत्रण देने जैसा है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस टीम के माध्यम से विशेष गश्त चलाकर सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *