सुपौल: सिमराही में दूसरे दिन भी चला अतिक्रमण पर बुलडोजर

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही में शनिवार को लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी सुपौल के स्पष्ट निर्देश पर की गई, जिसका नेतृत्व नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने किया।

अभियान के दौरान दो जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो सके।

आज अभियान के दूसरे दिन राघोपुर न्यू मार्केट, गद्दी रोड और सिमराही बाजार सरायगढ़ रोड में NH 27 किनारे क्षेत्र में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए फुटपाथी दुकानें, सड़क किनारे लगाए गए ठेले, टीन-शेड, अस्थाई दुकानें तथा अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटाया। कई स्थानों पर व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें हटाईं, जबकि कुछ जगह प्रशासन को बल-प्रयोग कराकर अतिक्रमण मुक्त कराना पड़ा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से मुख्य सड़क पर अवैध अतिक्रमण तेजी से बढ़ गए थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। संकरी हो चुकी सड़कों पर प्रतिदिन जाम की समस्या सामने आ रही थी, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चे और एंबुलेंस तक को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से यह कड़ा कदम उठाना आवश्यक हो गया था।

कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने कहा कि किसी भी कीमत पर सड़क पर दोबारा अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को साफ-सुथरा और जाम-मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *