
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में लूटपाट के एक मामले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सिमराही वार्ड-5 निवासी मो. सद्दाम (23 वर्ष) के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी राघोपुर थाना कांड संख्या 249/25, दिनांक 03 जुलाई 2025, धारा 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में की गई है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर चिल्कापट्टी निवासी किशोर मेहता ने राघोपुर थाना में आवेदन दिया था। आवेदन में उन्होंने बताया था कि वह महेशपुर चौक पर फोटो की दुकान चलाते हैं। 1 जुलाई 2025 को घटना वाले दिन रात करीब 9:45 बजे वह अपनी दुकान से घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरहोचिया चौक से पश्चिम नहर के समीप बाइक सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया।
आवेदन के अनुसार, तीनों बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उनके पास मौजूद करीब 21,700 रुपये नकद, बाइक की चाबी और जेब में रखे कुछ कागजात ले लिए गए। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद तीनों आरोपी एक ही बाइक से वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना राघोपुर थाना पुलिस को दी गई। पीड़ित ने आवेदन में यह भी बताया था कि तीनों आरोपियों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, जिसके कारण वह उनकी पहचान नहीं कर सके।
सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की जांच के क्रम में सोमवार की शाम राघोपुर पुलिस को सूचना मिली कि कांड में फरार चल रहे अभियुक्त मो. सद्दाम अपने घर पर मौजूद है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
यह खबर भी पढ़े : https://newsexpressbihar.com/jamui-encounter-nandan-yadav-minor-girl-harassment-case/
राघोपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सिमराही वार्ड-5 स्थित उसके घर पर कार्रवाई करते हुए मो. सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक इसी कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि लूटपाट के मामले में दर्ज कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त मो. सद्दाम के घर पर मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद राघोपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।







