जमुई छात्रा छेड़छाड़ कांड: मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर, पुलिस की गोली से पैर में लगी गोली

News Desk Jamui:

बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल बताए जा रहे नंदन यादव के पैर में पुलिस की गोली लगने की जानकारी सामने आई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव को घटना से जुड़े स्थल पर ले जाकर मामले की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस से बचकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में जिस आरोपी की पहचान की गई थी, उनमें नंदन यादव भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय उसने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की थी और मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अब तक चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

जमुई में 19 सितंबर को नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब नंदन यादव के घायल होने के बाद मामले में पुलिस की गिरफ्त में आरोपियों की संख्या चार बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना में करीब सात से आठ लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। मामले की जांच के लिए पहले ही एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की जा चुकी है। SIT घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

वायरल वीडियो के बाद तेज हुई कार्रवाई

मड़वा पहाड़ इलाके में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया था। इसके बाद पीड़ितों की पहचान कर उनसे संपर्क किया गया और प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को साझा नहीं करने की अपील भी की है। नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो और पोस्ट को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]