सुपौल: दशहरा को लेकर वीरपुर में अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई, समय-सीमा खत्म होते ही हटाए गए अस्थायी ढांचे, दुकानदारों ने भी दिया सहयोग

Report: A.K. Chaudhary

आगामी दशहरा पर्व को देखते हुए सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल प्रशासन ने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। प्रशासन की ओर से पहले निर्धारित की गई समय-सीमा पूरी होने के बाद सोमवार को नगर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और सड़कों से सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुगम यातायात के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य को आसान बनाना रहा।

अभियान शुरू होने से पहले ही अधिकांश दुकानदारों ने प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए अपनी दुकानों के आगे लगाए गए अस्थायी ढांचे और अन्य अतिक्रमण को स्वयं हटा लिया। जहां जरूरत पड़ी, वहां नगर पंचायत की जेसीबी की मदद से अतिक्रमित हिस्सों को हटाया गया।

सोमवार सुबह करीब नौ बजे नगर पंचायत की टीम और जेसीबी के साथ कार्रवाई शुरू हुई। वीरपुर नगर पंचायत के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोल चौक के आसपास सरकारी जमीन पर बनाए गए अस्थायी ढांचे हटाए गए। इसके अलावा हटिया चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने की अस्थायी दुकानें, अनुमंडलीय अस्पताल रोड, वर्मा सेल और कारगिल चौक सहित अन्य स्थानों पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर पंचायत की ओर से 3 हजार रुपये का चालान भी काटा गया।

कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर मिथिलेश पाण्डेय, अंचलाधिकारी ब्रजेश सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन, थानाध्यक्ष संजय दास समेत पुलिस बल के जवान तैनात रहे।

अतिक्रमण हटने से सड़कों पर बढ़ी जगह

अभियान के बाद नगर के प्रमुख हिस्सों में सड़कों और चौक-चौराहों पर पहले की तुलना में अधिक जगह दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को त्योहार के मद्देनजर उपयोगी बताया। लोगों का कहना है कि दशहरा के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण अतिक्रमण मुक्त सड़कें रहने से आवागमन बेहतर रहेगा। साथ ही किसी आपात स्थिति में पुलिस, एंबुलेंस या आपदा प्रबंधन की टीम को मौके तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।

एसडीएम ने नागरिकों से मांगा सहयोग

वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने नगर के व्यवसायियों और आम लोगों से प्रशासन के अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन के साथ नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। एसडीएम ने लोगों से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं करने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से वीरपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]