सुपौल: बसंतपुर में मदरसा संचालकों के साथ एसडीएम की बैठक, सरकारी नियमों के पालन का दिया निर्देश

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय में मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार की अध्यक्षता में बसंतपुर प्रखंड क्षेत्र के सरकारी एवं निजी मदरसों के संचालकों की बैठक हुई। बैठक में मदरसों के संचालन, बच्चों की पढ़ाई, शिक्षकों की संख्या और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।

बैठक के दौरान एसडीएम ने सभी मदरसा संचालकों से संस्थान का स्थान, विद्यार्थियों की संख्या, उपलब्ध कमरों, पठन-पाठन की स्थिति और शिक्षकों की संख्या की जानकारी ली। जिन मदरसों में छात्रावास की सुविधा है, वहां आवासीय व्यवस्था से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई।

एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि सरकारी हो या निजी, प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान का संचालन निर्धारित सरकारी नियमों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने मदरसा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि नियमानुसार 40 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक की व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं छात्रावासों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त कमरे, स्वच्छता, भोजन की उचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और नाइट गार्ड की व्यवस्था जरूरी है।

एसडीएम ने विशेष रूप से छात्राओं के छात्रावास में महिला गार्ड और महिला वार्डन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित वातावरण मिलना आवश्यक है। संस्थान की सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।

बैठक में बसंतपुर प्रखंड क्षेत्र के कुल 19 मदरसा संचालक शामिल हुए, जिनमें 11 सरकारी एवं निजी मदरसे बताए गए। एसडीएम ने सभी संचालकों को सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संस्थानों का विधिवत संचालन करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Comment