
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोसी नदी के रास्ते गांजा तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए रानीगंज स्पर संख्या-4 के समीप से करीब 342 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि रानीगंज स्पर संख्या-4 के पास गांजा की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर छापेमारी की। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने नदी किनारे तलाशी अभियान चलाया, जहां नौ बोरे बरामद किए गए। बोरे खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। सभी बोरों में बरामद गांजा का कुल वजन करीब 342 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने मौके से गांजा ढोने के लिए इस्तेमाल की जा रही बांस, रस्सी और ट्यूब से तैयार की गई नाव भी बरामद की है। इससे आशंका जताई जा रही है कि तस्कर कोसी नदी के रास्ते मादक पदार्थों की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचा रहे थे।
फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की पहचान में जुटी है। साथ ही बरामद गांजा के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







