
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवछपुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में दो दिन पूर्व हुए हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक मुखिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने SH-91 को जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व रात करीब तीन बजे चचेरे भाई श्याम मुखिया ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया था। इस हमले में अशोक मुखिया भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अशोक मुखिया की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए SH-91 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा जाम हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, परिजन आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हमले के पीछे का वास्तविक कारण क्या था और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच की जा रही है।
मामले में भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि मृतक अशोक मुखिया के परिजनों के आवेदन के आधार पर हत्या में शामिल दो लोगो को गिरफ्तार कर लिया गया है। अशोक मुखिया के शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।







