बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 29 सितंबर से नामांकन, 23 अक्टूबर को मतदान

News Desk Patna:

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इनमें चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सभी सीटों के वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 11 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी और इसी दिन से उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इन सीटों पर होना है चुनाव

बिहार विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी सीट शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा सीट पर चुनाव होगा।

इन सीटों पर वर्तमान में पटना शिक्षक से प्रो. नवल किशोर यादव (भाजपा), दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदनमोहन झा (कांग्रेस), सारण शिक्षक से आफाक अहमद (निर्दलीय), तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह (भाकपा), पटना स्नातक से नीरज कुमार (जदयू), दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार (निर्दलीय), कोसी स्नातक से नवल किशोर यादव (भाजपा) और तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय) का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

जन सुराज ने भी उतारे उम्मीदवार

विधान परिषद चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। इनमें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से आफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया गया है।

आरजेडी के उम्मीदवार

राष्ट्रीय जनता दल की ओर से भी कई सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रोफेसर जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाए जाने की जानकारी दी गई है।

जदयू के संभावित उम्मीदवार

जदयू की ओर से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नीरज कुमार और तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा के नाम सामने आए हैं। वहीं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पुष्कर आनंद और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप चौधरी के नाम संभावित उम्मीदवारों के तौर पर बताए जा रहे हैं।

आठ सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब 29 सितंबर से नामांकन शुरू होने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]