सुपौल: मॉडल स्कूल वीरपुर में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित, एसडीएम ने कहा- बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका अहम

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले बसंतपुर प्रखंड अंगर्गत राजकीय उच्च विद्यालय, वीरपुर में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावक-शिक्षक बैठक (P.T.M.) का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लिया और शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति को लेकर चर्चा की।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया तथा अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद कर विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली।

इस दौरान एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल विद्यालय में पढ़ाई कराने से ही बच्चों का पूर्ण विकास संभव नहीं है, बल्कि अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, अनुशासन और व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए। शिक्षक बच्चों की शैक्षणिक कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं अभिभावकों का सहयोग इस प्रयास को और प्रभावी बनाता है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नियमित रूप से अपने बच्चों की पढ़ाई की जानकारी लेते रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विद्यालय के शिक्षकों से संवाद करें। एसडीएम ने विद्यालय में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक प्रगति से अवगत कराया। साथ ही बच्चों की कमजोरियों और उनमें सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। अभिभावकों ने भी विद्यालय की व्यवस्था एवं बच्चों की पढ़ाई से संबंधित अपने सुझाव रखे।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि इस प्रकार की अभिभावक-शिक्षक बैठक का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा सके। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, शिक्षिका एवं अभिभावक उपस्थित थे।

Leave a Comment