सुपौल: त्रिवेणीगंज में LIC एजेंट ने लाइसेंसी हथियार से खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को 55 वर्षीय एलआईसी एजेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हथियार जब्त किया और जांच शुरू कर दी है।

News Desk Supaul

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक घटना सामने आई, जिससे इलाके में हलचल मच गई। नगर परिषद वार्ड संख्या 5 स्थित हाई स्कूल के समीप 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्होंने अपने लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किया।

मृतक की पहचान नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के एजेंट बताए जाते हैं। परिजनों के अनुसार वे दोपहर बाद घर के कमरे में अकेले थे और दरवाजा अंदर से बंद था। शाम को आवाज सुनने के बाद परिजन कमरे तक पहुंचे और दरवाजा खोलने पर उन्हें अचेत अवस्था में पाया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीपीओ विभाष कुमार के नेतृत्व में सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान और थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने लाइसेंसी हथियार को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है ताकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके। वहीं थानाध्यक्ष ने कहा कि परिजनों से पूछताछ जारी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है

Leave a Comment